कटड़ा। धर्मनगरी में स्वर्णकार संघ ने आगामी पांच दिनों तक शहर की सभी आभूषण दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में संघ के प्रधान सुदर्शन कोहली ने बताया कि जम्मू संभाग के विभिन्न शहरों में भी स्वर्णकारों द्वारा गर्मी के कारण कुछ दिनों के लिए दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उसी के अनुपालन में कटड़ा के स्वर्णकारों ने भी यह फैसला लिया है।
उन्होंने बताया कि कटड़ा में सभी सुनार एवं आभूषण कारोबारियों की दुकानें 17 जून से 21 जून तक पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दौरान किसी भी प्रकार का व्यापारिक कार्य नहीं किया जाएगा। पांच दिनों तक बाजार में स्वर्ण आभूषणों की खरीद-फरोख्त और संबंधित अन्य कार्य पूरी तरह प्रभावित रहेंगे।
प्रधान सुदर्शन कोहली ने कहा कि यह निर्णय सभी स्वर्णकार भाइयों की सहमति से लिया गया है और इसका उद्देश्य भीषण गर्मी के बीच कारोबारियों को राहत प्रदान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ के इस निर्णय का सभी दुकानदारों को पालन करना होगा। यदि कोई दुकानदार आदेशों की अवहेलना करते हुए दुकान खोलता पाया गया तो उसके खिलाफ स्वर्णकार संघ की ओर से उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 17 जून को सभी स्वर्णकार अपनी दुकानें बंद करेंगे, जबकि 22 जून से बाजार में सामान्य रूप से कारोबार दोबारा शुरू हो जाएगा।