कटड़ा। दिल्ली पब्लिक स्कूल में ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर शपथ अभियान’ के अंतर्गत एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशा विरोधी जागरूकता फैलाना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन एमएचएसएसईएफ की संस्थापक ट्रस्टी कुंवरानी डॉ. रितु सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटड़ा कामेश्वर पुरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई जो अज्ञानता के अंधकार को दूर कर जागरूकता के प्रकाश का प्रतीक रहा।
विशेष सभा में विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रभावशाली भाषण, कविता एवं जागरूकता नारों की प्रस्तुति दी। छात्रों की प्रस्तुतियों ने समाज को नशामुक्त बनाने के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई तथा युवाओं से अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया।