कटड़ा। राजकीय डिग्री कॉलेज ककड़ियाल कटड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सहयोग से तथा आरबीआई जम्मू के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। यह कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी भगत के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. सज्जाद इकबाल के स्वागत संबोधन से हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जम्मू की वरिष्ठ प्रबंधक अमनदीप कौर ने उन्होंने वर्तमान बदलते आर्थिक परिवेश में वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को बचत, बजट निर्माण तथा बैंकिंग सेवाओं के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया। बचत और बजट के महत्व, बैंकिंग सुविधाओं एवं डिजिटल भुगतान प्रणाली, ब्याज, मुद्रास्फीति और ऋण की मूल अवधारणाओं, वित्तीय समावेशन योजनाओं तथा उपभोक्ता अधिकार एवं वित्तीय धोखाधड़ी से सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से डिजिटल वित्तीय जागरूकता, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन और साइबर सुरक्षा उपायों पर जोर दिया गया। सत्र को संवादात्मक बनाया गया जिसमें विद्यार्थियों ने दैनिक वित्तीय विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।