कटड़ा। मुख्य कृषि अधिकारी तथा उप-विभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में कटड़ा के सूल गांव में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य किसानों को योजना के लाभ, महत्व और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने किसानों को बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं, मौसम की अनिश्चितताओं, कीट एवं रोगों से होने वाले फसल नुकसान से सुरक्षा प्रदान करती है। योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहयोग मिलता है। जोखिम की स्थिति में उन्हें राहत सुनिश्चित होती है। किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया, बीमा प्रीमियम की दरों तथा क्षति होने की स्थिति में दावा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। शिविर में कृषि विभाग से डॉ. राकेश और भरत भूषण उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए योजना के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बीमा कंपनी के प्रतिनिधि ने बीमा कवरेज, फसल नुकसान के आकलन तथा दावा निपटान की प्रक्रिया की जानकारी किसानों के साथ साझा की। जागरूकता शिविर में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और योजना को फसलों की सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन संवाद सत्र के साथ हुआ। इसमें किसानों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का संबंधित अधिकारियों ने संतोषजनक उत्तर दिया।