मेडिकल कॉलेज की मान्यता रद्द करने पर संत समाज ने मेडिकल कमीशन का किया धन्यवाद।
- फोटो : katra news
कटड़ा। जम्मू-कश्मीर संत समाज न्यास के प्रधान शांत गिरी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मोहन गिरी, प्रेसिडेंट नारायण दास शास्त्री, जनरल सेक्रेटरी मोहन भारती, संगठन महामंत्री महंत राजेश गिरी बिट्टू तथा ज्योति नंद शास्त्री ने कटड़ा पहुंचकर नेशनल मेडिकल कमीशन का धन्यवाद किया। संत समाज न्यास के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की मान्यता को रद्द किया जाना एक साहसिक और न्यायोचित कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में एक विशेष समुदाय को विशेष सीटें आवंटित किए जाने को लेकर लंबे समय से असंतोष था।
उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही थी। जनभावनाओं और तथ्यों को ध्यान में रखते हुए नेशनल मेडिकल कमीशन की तरफ से मेडिकल कॉलेज की मान्यता रद्द करने का निर्णय लिया गया, जिसे संत समाज न्यास ने जनहित में बताया।
कटड़ा पहुंचने पर जम्मू-कश्मीर संत समाज न्यास के पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान स्थानीय विधायक शर्मा डीडीसी सराफ सिंह, सरपंच मंगल सिंह, सरपंच सुदेश शर्मा, म्युनिसिपल कमेटी के पूर्व उप प्रधान अजय बडू, मजदूर दस्तकार यूनियन के स्टेट वाइस प्रेजिडेंट बंसी लाल ने भी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की। संत समाज न्यास ने उम्मीद जताई कि भविष्य में किसी भी शैक्षणिक संस्थान में पारदर्शिता और समान अवसरों के सिद्धांतों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा।