कटड़ा में पंजीकरण कक्ष के बाहर आरएफआईडी कार्ड लेने के लिए जुटे श्रद्धालु।
- फोटो : katra news
कटड़ा। नववर्ष के आगमन से पहले सप्ताहांत के शुरू होते ही धर्मनगरी में श्रद्धालुओं की संख्या में हल्का इजाफा देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से कटड़ा एक बार फिर गुलजार नजर आया। शनिवार को शाम पांच बजे तक करीब 22,500 श्रद्धालु आरएफआईडी यात्रा पर्ची लेकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे जबकि देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी था।
शनिवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर मौसम मिला-जुला बना रहा। पहाड़ों से चल रही ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, बावजूद इसके श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। “जय माता दी” के जयकारों के साथ श्रद्धालु कठिन चढ़ाई तय करते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड तथा स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं, वहीं कंट्रोल रूम से यात्रा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी दुरुस्त रखा गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों का कहना है कि सप्ताहांत और नव वर्ष के चलते आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। हालांकि मौसम में ठंड बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास में कोई कमी नहीं आई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए गर्म कपड़े साथ रखें, यात्रा नियमों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।