कटड़ा। सब-डिवीजन कटड़ा के अंतर्गत ब्लॉक पैथल के पंचायत घर डडूरा में 10वां फसल बीमा सप्ताह मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम में डॉ. राकेश, अमित, भरत भूषण और आशुतोष ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
विशेषज्ञों ने योजना के तहत मिलने वाले लाभ, पंजीकरण प्रक्रिया, प्रीमियम दरों, दावा निपटान प्रणाली तथा प्राकृतिक आपदाओं व फसल हानि की स्थिति में बीमा की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि फसल बीमा योजना का उद्देश्य किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि वे कृषि कार्यों को बिना किसी जोखिम के जारी रख सकें। अधिकारियों ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान किसानों की शंकाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें ऑन- स्पॉट पंजीकरण संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।