कटड़ा। हरियाणा से अपने परिवार के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आई एक वृद्ध महिला श्रद्धालु की सोमवार देर शाम हृदय गति रुकने से मौत हो गई। घटना भवन मार्ग पर अर्धकुमारी मंदिर क्षेत्र में हुई। महिला श्रद्धालु की पहचान नरमा (80) पत्नी दुलीचंद निवासी लंधारी, हिसार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक महिला श्रद्धालु अपने स्वजनों के साथ बीते रविवार मां वैष्णो देवी भवन रवाना हुई थी। अर्धकुमारी मंदिर क्षेत्र में महिला को चलने में कठिनाई होने लगी। परिवार वाले महिला को लेकर भवन के लिए रवाना हो गए। सोमवार को जब परिवार वाले मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद अर्धकुंवारी मंदिर परिसर में पहुंचे तो भोजनालय एरिया के पास अचानक महिला अचेत हो गई। महिला को तुरंत अर्धकुंवारी मंदिर परिसर में डिस्पेंसरी में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने हृदय गति रुक जाने के चलते मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की तरफ से कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।