कटड़ा। धर्मनगरी में ताराकोट–सांझीछत रोपवे के विरोध में स्थानीय युवाओं का अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। श्रीधर चौक पर अनशन पर बैठे युवाओं ने सरकार और प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि जब तक रोपवे कार्य पर पूरी तरह रोक नहीं लगती तब तक अनशन जारी रहेगा।
अनशन स्थल पर वीरवार को श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के सदस्य पहुंचे और अनशन पर बैठे युवाओं से मुलाकात की। समिति सदस्यों ने युवाओं का हौसला बढ़ाया और कहा कि वह इस आंदोलन में युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। संघर्ष समिति ने दोहराया कि वादे के बावजूद ठेकेदार कंपनी द्वारा कार्य जारी है। संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।