कटड़ा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से अपने परिवार के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आए एक युवा श्रद्धालु की भवन मार्ग पर हिमकोटी क्षेत्र में हृदय गति रुकने से मौत हो गई। श्रद्धालु की पहचान जसरथ सिंह (35) पुत्र मुंशी सिंह निवासी गरगांव नज़दीक एयरपोर्ट, तहसील मोरोर, पुलिस पोस्ट महाराजपुरा, ग्वालियर मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक श्रद्धालु परिवार के साथ मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाने के लिए भवन की ओर जा रहा था, तभी हिमकोटी क्षेत्र में सीने में दर्द होने के चलते अचेत हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ ही श्राइन बोर्ड के जवान उसे अर्धकुंवारी स्थित डिस्पेंसरी लाये, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।