कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में सोमवार को दिनभर मौसम सामान्य रहा। इससे श्रद्धालुओं को राहत मिली। हालांकि त्रिकूटा पर्वत पर लगातार धुंध छाए रहने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा पूरी तरह प्रभावित रही। इससे श्रद्धालुओं को हवाई मार्ग से भवन तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता बाणगंगा, अर्धकुंवारी और हिमकोटी मार्ग पर देखने को मिला। हेलिकॉप्टर सेवा बंद रहने के कारण अधिकतर श्रद्धालु पैदल यात्रा करते नजर आए जबकि बुजुर्ग, बच्चे और असमर्थ श्रद्धालु घोड़े, पिट्ठू या पालकी का सहारा लेकर मां वैष्णो देवी के जयकारों के साथ भवन की ओर प्रस्थान करते देखे गए।
श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आगामी 24 घंटे में भी पर्वतीय क्षेत्र में धुंध बने रहने की संभावना है। ऐसे में हेलिकॉप्टर सेवाएं तभी बहाल की जाएंगी जब दृश्यता की स्थिति सामान्य होगी। हालांकि प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पानी, प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षाकर्मी और नियंत्रण कक्ष जैसी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से जारी हैं।