कटड़ा। कटड़ा के साथ लगते गांव कड़माल के वार्ड नंबर 6 नक्की मुहल्ला में ग्रामीण को बिजली को लेकर आ रही परेशानी अब दूर हो जाएगी। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा ने 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर ग्रामीणों को समर्पित किया।
जानकारी अनुसार ग्रामीण बिजली की भारी कमी को लेकर बीते काफी समय से परेशान थे और लगातार ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे थे। बिजली के ट्रांसफार्मर के उद्घाटन पर विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की परेशानियों को दूर करने को लेकर वह पूरी तरह से गंभीर तथा सक्रिय हैं। नया बिजली का ट्रांसफार्मर लग जाने के चलते अब ग्रामीणों को बिजली की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा और नियमित बिजली की सप्लाई होगी।
विधायक ने कहा कि कड़माल क्षेत्र में गली, नालियों की बात हो या फिर सड़क मार्ग की बात आदि का संज्ञान लिया गया है और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं ताकि सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं। संवाद