कटड़ा। धर्मनगरी में विकेंड पर मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं की संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है। आम दिनों में 25 से 30 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे थे। शनिवार शाम छह बजे तक 28 हजार 500 श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे, जबकि पंजीकरण कक्ष के बंद होने में समय शेष था। शनिवार शाम को बादल छाने के बाद बारिश से तापमान में गिरावट आई। इससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाते हुए चढ़ाई की।
वहीं पिछले कई दिनों से मौसम साफ रहने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा के साथ ही बैटरी कार सेवा व रोपवे सेवा जैसी सुविधाएं लगातार जारी हैं। शनिवार को मौसम साफ न होने के कारण हेलिकॉप्टर ने कुछ उड़ाने भरीं। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को 37 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। शनिवार को शाम छह बजे तक 28 हजार 500 श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।