कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दरबार में दिन-रात श्रद्धालुओं को प्राचीन गुफा से होकर मां वैष्णो देवी दिव्य दर्शन हो रहे हैं। सोमवार को 14400 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में हाजिरी लगाई।
बीते सोमवार रात 10:30 बजे से लेकर देर रात एक बजे तक और मंगलवार सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक श्रद्धालुओं के लिए पवित्र प्राचीन गुफा के द्वार खुले रहे। श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन कर परिवार की सुख शांति की कामना कर रहे हैं। प्राचीन गुफा से दर्शन करने बाद श्रद्धालु फूले नहीं समा रहे हैं।
गौरतलब है कि 14 जनवरी मकर संक्रांति पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से प्राचीन गुफा के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए थे। लगातार कम संख्या में यात्री होने के बाद लोगों को पवित्र गुफा के अंदर जाने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। इस समय सप्ताहंत को छाेड़ मां वैष्णो की यात्रा में कोई खास बढ़ोतरी नहीं देखने को मिल रही है। महांकुभ समाप्त होने पर आने वाले कुछ दिनों में मां वैष्णो की यात्रा में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौसम लगातार साफ बना हुआ है। सुबह शाम बर्फीली हवाएं चल रही हैं। श्रद्धालु गर्म कपड़े पहनकर परिजनों के साथ लगातार मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो रहे हैं। वहीं पंजीकरण से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को जहां 14400 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी वहीं मंगलवार शाम सात बजे तक 11800 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे।