डोडा। जीएमसी डोडा के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से भेला गांव में फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत फील्ड विजिट का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नव प्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम का हिस्सा था। इसे राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया। जीएमसी डोडा की प्रिंसिपल प्रो. हरलीन कौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रथम वर्ष के मेडिकल विद्यार्थियों को सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति से रूबरू करवाना तथा ग्रामीण परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को समझने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था।
कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. सुरेश कोतवाल की देखरेख में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम की अवधारणा, इसके उद्देश्यों और चिकित्सा शिक्षा में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि चिकित्सा के क्षेत्र में केवल अस्पतालों तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज और समुदाय के बीच जाकर लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, पारिवारिक परिस्थितियों तथा स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले सामाजिक कारकों को समझना भी बेहद जरूरी है।
इस फील्ड विजिट के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रामीण परिवेश में स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकताओं को करीब से जानने और डॉक्टर तथा मरीज के बीच विश्वासपूर्ण संबंध विकसित करने के महत्व को समझने का अवसर मिला।