डोडा। कांग्रेस की जिला कांग्रेस कमेटी ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर सोमवार को पुराने बस स्टैंड में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय की ओर मार्च किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कमेटी अध्यक्ष जावेद इकबाल लोन ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता पूर्व विधायक अशोक कुमार डोगरा और पूर्व एमएलसी श्याम लाल भगत ने की। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, एनएसयूआई पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मार्च के दौरान पुलिस ने डीसी कार्यालय की ओर बढ़ रहे कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी चुनावी पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। नेताओं ने निर्वाचन आयोग से चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की अपील की।