उधमपुर। पंचायत हरतयान के वार्ड-2 (लरदागा लेहड़ी) में भूस्खलन के कारण रास्ता पूरी तरह से बदहाल हो गया है। सड़क सुविधा न होने और आवाजाही ठप पड़ने से उग्र हुए ग्रामीणों ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द रास्ता बहाल करने और पहाड़ी धंसने से खतरे में आए मकानों को बचाने के लिए सुरक्षा (क्रेट) कार्य कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का तत्काल समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
स्थानीय निवासी रवि कुमार व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते से करीब 250 परिवारों का रोजाना संपर्क जुड़ा हुआ है। लंबे समय से सड़क न बनने और हालिया भूस्खलन के बाद स्थिति जानलेवा हो चुकी है। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा धंसने से कई मकानों की नींव हिल गई है, जिससे हादसे का डर बना हुआ है। रास्ते की खस्ताहाली का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। बच्चे रोजाना समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं।