उधमपुर। धार रोड से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों बेहद खस्ता हालत हो चुकी है। गड्ढों कारण लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
इस मार्ग से दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। सड़क पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनके कारण दोपहिया वाहन चालकों और ऑटो चालकों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाता है और उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे फिसलने का डर बना रहता है। इस मार्ग पर स्कूल और क्लीनिक भी हैं, जिसके चलते बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों का आवागमन लगातार बना रहता है। खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों को रोजाना जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है, वहीं मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। पैदल चलने वालों के लिए भी यह सड़क सुरक्षित नहीं रह गई है। साथ ही कई बार गाड़ियों की धीमी रफ्तार और गड्ढों से बचने के प्रयास में जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे लोगों का समय बर्बाद होता है।
कोट
रोज बच्चों को स्कूल छोड़ने जाते हैं लेकिन जर्जर हालात के कारण सड़क पर निकलने से डर लगता है। कई बार बच्चे अकेले आते हैं तो चिंता बनी रहती है।
- पुरुषोत्तम सिंह
बारिश के मौसम में गड्ढों और कीचड़ के बीच इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो जाता है। रोजाना बाइक पर यहां से गुजरता हूं। कई बार फिसलने की नौबत आ जाती है।
- रशपाल शर्मा
लगातार जाम की वजह से परेशान हैं। सड़क की खस्ता हालात के कारण दुकानदारी पर असर पड़ रहा है।
- पूर्ण शर्मा
प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
- चंद्र प्रकाश
यह मार्ग एमईएस के अंतर्गत आता है हालांकि पहल भी इस मार्ग की मरम्मत करवाई थी लेकिन बरसात के कारण स्थिति फिर से खराब हो गई है। जैसे ही मौसम में सुधार होता है तो मार्ग की मरम्मत करवाई जाएगी।
- पवन गुप्ता, पश्चिम विधायक