उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शारदा माता के पास शुक्रवार को सरिए से लदा ट्रक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे खड़े तमिलनाडु के दो बाइक सवार युवकों में से एक घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी रेफर किया गया। हादसा दोपहर बाद पेश आया। ट्रक में केवल चालक सवार था, जिसे हल्की चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तमिलनाडु से आए करीब 10 से 12 बाइक सवारों का समूह चाय पीने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान दो युवक सड़क के किनारे खड़े थे, तभी पलटे ट्रक से निकली लोहे के सरिये उनकी ओर आ गिरे। एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जीएमसी भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। हादसे के कारण उधमपुर से श्रीनगर की ओर जाने वाले ट्यूब पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। इस दौरान एक ट्यूब से दोतरफा यातायात बहाल रखा गया। हाइवे अथारिटी और ट्रैफिक पुलिस की मदद से सरिया और वाहन को हटाने के बाद यातायात बहाल हो पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।