उधमपुर। लगातार हो रही बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरसू नाला क्षेत्र में रविवार को अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से चार दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के दौरान दुकानदार किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आए लेकिन दुकानों में रखा सामान और ढांचा पूरी तरह तबाह हो गया।
पीड़ित दुकानदार जुल्फकार ने बताया कि उन्होंने हाल ही में दुकान में नया सामान भरा था। अचानक पहाड़ी से मलबा आने के कारण दुकान पूरी तरह तबाह हो गई और करीब 6 से 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दुकान का सामान कर्ज लेकर खरीदा था लेकिन एक ही पल में सब कुछ बर्बाद हो गया। अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दुकानदार मोहम्मद सदीक ने बताया कि भूस्खलन के कारण दो अन्य दुकानों की छत पूरी तरह टूट गई। दुकानों में रखा अधिकांश सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर भूस्खलन से उन्हें भारी नुकसान हुआ था लेकिन प्रशासन की ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के स्थायी इंतजाम किए जाते तो इस बार इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। पहाड़ी से अभी भी लगातार मलबा गिर रहा है जिससे आसपास की अन्य दुकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। प्रभावित कारोबारियों ने प्रशासन से नुकसान का उचित मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।