उधमपुर। अनंतनाग में हाल ही में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर उधमपुर के मंड क्षेत्र स्थित भीखन गला में वीरवार को संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। पुलिस कंट्रोल रूम की निगरानी में हुई इस ड्रिल में जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने हिस्सा लेकर आतंकवादी घटना की स्थिति में आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास किया।
हाल ही में अनंतनाग में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से संयुक्त मॉक ड्रिल की गई। इस अभ्यास का आयोजन पुलिस कंट्रोल रूम की देखरेख में किया गया। इसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल के दौरान आतंकवादी हमले जैसी आपात स्थिति का अभ्यास कराया गया। इस दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय, संचार व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया और संयुक्त अभियान चलाने की क्षमता का परीक्षण किया गया ताकि किसी भी वास्तविक आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला पुलिस मुख्यालय उधमपुर डीएसपी प्रह्लाद शर्मा ने बताया कि इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, प्रतिक्रिया समय को कम करना और किसी भी सुरक्षा चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने की तैयारियों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास सुरक्षा बलों की कार्यकुशलता और सतर्कता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उन्हें कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पीसीआर उधमपुर 112 या नजदीकी पुलिस थाना अथवा चौकी को इसकी सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी भी संभावित खतरे को टालने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आतंकवाद विरोधी तैयारियों को हर समय चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए इस प्रकार की संयुक्त माक ड्रिल समय-समय पर आयोजित की जाती हैं, ताकि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी और समन्वित तरीके से निपटा जा सके।