उधमपुर। बारिश के चलते उधमपुर से चिनैनी के बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह हल्के भूस्खलन और शूटिंग स्टोन की घटनाएं पेश आईं। इस बीच देवल ब्रिज के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंसकर नदी में बह गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रशासन ने एहतियात को तौर पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही रोक दी और शाम होते-होते एकतरफा यातायात बहाल कर किया गया।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भू-स्खलन, पत्थर गिरने और मलबा आने की घटनाएं सामने आईं। ट्रैफिक अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा के मद्देनजर रात के समय कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। वहीं रविवार को लगातार बारिश के बीच देवल ब्रिज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा नदी की ओर धंस गया, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क को हुए नुकसान के चलते यातायात पूरी तरह प्रभावित गया है। प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा के देखते हुए फिलहाल एक ही लेन पर यातायात चलाया जा रहा है हालांकि अभी केवल घाटी से जम्मू की ओर जाने वाले बड़े वाहनों को सीमित गति और सावधानी के साथ एक-एक कर निकाला जा रहा है, जबकि अन्य वाहनों को भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। जिला ट्रैफिक इंस्पेक्टर (डीटीआई) एजाज मिर्जा ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा पर निकलने से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।