उधमपुर। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय अब विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से भी शिक्षा देने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिले के हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में 135 आईसीटी (इंफार्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलाजी) लैब स्थापित की गई हैं। वहीं, 30 अन्य स्कूलों ने भी इन लैब को स्थापित करने की मांग रखी है।
डिजिटल शिक्षा से विद्यार्थियों को कठिन विषयों को आसानी से समझने, कंप्यूटर का ज्ञान हासिल करने और तकनीक के माध्यम से नई चीजें सीखने का अवसर मिल रहा है। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले के 11 शिक्षा जोन में आईसीटी लैब स्थापित की गई हैं। इनमें बबे जोन में 8, चिनैनी में 19, डुडू में 14, घोरड़ी में 15, जिब में 12, कुलवंता में 9, मजालता में 7, पंचैरी में 11, रामनगर में 12, टिकरी में 12 और उधमपुर जोन में 16 आईसीटी लैब शामिल हैं। इन लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर आधारित शिक्षा के साथ डिजिटल तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान देने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, मिडिल स्कूलों में भी डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 201 स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए गए हैं। इनमें डिजिटल इंटरएक्टिव पैनल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से शिक्षक विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से जुड़े विषयों को तस्वीरों, वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री की मदद से समझा सकते हैं। इससे जिन विषयों को केवल किताबों के जरिए समझना विद्यार्थियों के लिए मुश्किल होता है, उन्हें देखकर और समझकर सीखना आसान हो जाता है। पहली से आठवीं कक्षा तक के पूरे पाठ्यक्रम को डिजिटल माध्यम से पढ़ाने की सुविधा भी इन स्मार्ट क्लासरूम के जरिए उपलब्ध है। डिजिटल माध्यम से पढ़ाई होने का एक बड़ा फायदा यह है कि विद्यार्थियों की कक्षा में भागीदारी बढ़ती है। वे केवल शिक्षक की बात सुनने के बजाय इंटरएक्टिव पैनल पर विषयों को देखकर समझ सकते हैं और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीख सकते हैं। इसके अलावा कंप्यूटर और डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल से बच्चों में तकनीकी समझ विकसित होती है, जो आगे की पढ़ाई में भी उनके लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
कोट
सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के आधुनिक तरीके उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। डिजिटल इंटरएक्टिव पैनल से कठिन विषयों को उदाहरणों, तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से समझाना आसान होता है। इससे विद्यार्थियों की सीखने में रुचि बढ़ती है और उन्हें तकनीक के साथ जुड़कर व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का अवसर मिलता है।
-राकेश सिंह, डीआरजी, शिक्षा विभाग।