उधमपुर। सरकारी मेडिकल काॅलेज में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई चार लिफ्टें स्थापित होने के बावजूद मरीजों को इनका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को ऊपरी मंजिलों तक जाने के लिए आज भी सीढ़ियां चढ़नी पड़ रही हैं।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उसे लिफ्टें अभी तक नहीं सौंपी गई हैं, जबकि पीडब्ल्यूडी का दावा है कि लिफ्टें अस्पताल प्रशासन को हैंडओवर की जा चुकी हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर दोनों विभागों में से किसकी जिम्मेदारी है और मरीजों को सुविधा मिलने में देरी क्यों हो रही है? इससे पहले भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। उस दौरान लोक निर्माण विभाग के एई निधि खन्ना ने आश्वासन दिया था कि अगले ही दिन लिफ्टों को अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया जाएगा लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। ऐसे में सवाल उठता है कि जब लिफ्टों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तो मरीजों को इनकी सुविधा देने में देरी क्यों हो रही है। लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद यदि मरीजों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है तो इन सुविधाओं का उद्देश्य भी पूरा नहीं हो पा रहा है।
मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग के जेई रोहित भारती से बात की गई तो उन्होंने कहा कि लिफ्टों को अस्पताल प्रशासन को सौंपा जा चुका है। इस संबंध में पूरी जांच की जाएगी और जल्द ही मरीजों को सुविधा मिलेगी। हालांकि, बार-बार मिल रहे आश्वासनों के बीच मरीजों को राहत मिलने का इंतजार बरकरार है। अब देखना यह है कि लिफ्टों को अस्पताल प्रशासन के सुपुर्द कर उनका नियमित संचालन कब शुरू किया जाता है, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी से राहत मिल सके।