उधमपुर। जिले में गुटखा, तंबाकू युक्त पान मसाला और निकोटीन युक्त प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक संबंधी आदेश जुलाई की शुरुआत में जारी किए गए थे। लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिलेभर में व्यापक जांच अभियान शुरू नहीं हो पाया। अब जिला उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग और माप-तौल विभाग की संयुक्त टीम गठित कर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा।
जुलाई की शुरुआत में जारी आदेश के अनुसार स्कूलों, कालेजों, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों के आसपास गुटखा, तंबाकू युक्त पान मसाला, निकोटीन युक्त एवं अन्य चबाने वाले प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों की बिक्री, भंडारण और वितरण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रईस मलिक ने बताया कि विभाग की टीम ने केवल तीन से चार शैक्षणिक संस्थानों के आसपास का क्षेत्र जांचा है, जबकि जिले के अधिकांश स्कूलों, कालेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास अब भी नियमित जांच नहीं हो सकी है। अब संयुक्त टीम बाजारों के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों का निरीक्षण करेगी।