उधमपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई की ओर से रविवार को दो कार्यक्रम आयोजित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित करने के साथ दीप प्रज्वलित कर वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
पहले कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने गोल मार्केट में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, शौर्य तथा बलिदान को याद किया। इस दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया। सायंकाल में आयोजित दूसरे कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यकर्ताओं ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया और दीपों की रोशनी के माध्यम से उनके बलिदान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।