उधमपुर। चार दिनों तक बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहने से जहां सन्नाटा पसरा हुआ था, वहीं छुट्टियां समाप्त होते ही व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले और बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से फिर से रौनक देखने को मिली।
गर्मी की छुट्टियों के कारण 8 से 11 जून तक बाजार में किराना, कास्मेटिक्स, जूते-चप्पल, होलसेल व्यापार, नमकीन ट्रेडर्स सहित विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। चार दिनों तक बाजार बंद रहने से लोगों को आवश्यक सामान की खरीदारी में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को बाजार खुलते ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली और पूरे बाजार क्षेत्र में फिर से रौनक लौट आई। व्यापारियों ने भी अपने नियमित कारोबार की शुरुआत कर दी। स्थानीय ग्राहकों का कहना है कि चार दिनों तक दुकानें बंद रहने से बाजार में ऐसा महसूस हो रहा था मानो पूरा क्षेत्र सुनसान हो गया हो। बाजार खुलने के बाद अब सामान्य गतिविधियां बहाल हो गई हैं और लोगों को राहत मिली है।
कोट
चार दिनों बाद बाजार खुलने से सभी व्यापारियों और ग्राहकों दोनों में उत्साह है। अब उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कारोबार फिर से रफ्तार पकड़ेगा।
- संजय कुमार, व्यापारी।
चार दिन तक बाजार बंद रहने से दैनिक जरूरत का सामान खरीदने में परेशानी हो रही थी। बाजार खुलने से अब काफी राहत मिली है।
- पोशी देवी, ग्राहक।
चार दिन के अवकाश के बाद कारोबार दोबारा शुरू हुआ है। आज दुकान खुलने के बाद ग्राहकों की अच्छी आवाजाही देखने को मिल रही है।
-कुलदीप गुप्ता, दुकानदार
बाजार में फिर से चहल-पहल देख कर अच्छा लग रहा है। सभी दुकानें खुलने से जरूरी सामान आसानी से मिल रहा है।
- राधिका, ग्राहक
सभी व्यापारियों का धन्यवाद करता हूं। उन्होंने छुट्टियों संबंधी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया। अब शुक्रवार से सभी व्यापारी पहले की तरह अपने कारोबार में जुट गए हैं।
- जितेंद्र बरमानी, अध्यक्ष, व्यापार मंडल