उधमपुर। बाल श्रम, बाल विवाह और बाल शोषण के खिलाफ जिला बचाव दल ने सोमवार को एक सफल बचाव अभियान चलाया। इसमें बचाव दल ने टिकरी से दो बच्चों को बाल श्रम से बचाया। जिला बाल कल्याण अधिकारी कनिका गुप्ता की देखरेख में दल ने टिकरी और मंथल बाजार सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। बचाव दल का नेतृत्व श्रम विभाग के अधिकारी ने किया। दल में चाइल्ड हेल्पलाइन के संयोजक, काउंसलर, केस वर्कर, आउटरीच वर्कर, चिकित्सा कर्मचारी और टिकरी चौकी के पुलिसकर्मी शामिल थे जिन्होंने बाल श्रम करते दो नाबालिग लड़कों को बचाया। पुनर्वास के लिए बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया और उन्हें उधमपुर में लड़कों के लिए स्थित बाल देखभाल संस्थान पलाशा में अस्थायी आश्रय प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग बच्चों को काम पर रखने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ बाल श्रम अधिनियम 1986 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।