रनसु। श्री शिवखोड़ी धाम रनसु में टाउन प्लान के चलते स्थानीय लोगों को नए मकान और दुकानें बनाने की अनुमति नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को रविवार को जम्मू के मंडलायुक्त विकास कुंडल के समक्ष पूर्व डीडीसी केवल कृष्ण शर्मा ने प्रमुखता से उठाया।
जानकारी के अनुसार मंडलायुक्त विकास कुंडल ने रविवार को श्री शिवखोड़ी धाम रनसु का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पूर्व डीडीसी केवल कृष्ण शर्मा ने रनसु में लागू टाउन प्लान के कारण स्थानीय लोगों को आ रही समस्याओं से मंडलायुक्त को अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि नए मकान और दुकानें बनाने के लिए अनुमति नहीं मिलने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टाउन प्लान के तहत करीब 35 फाइलें अनुमति के लिए संबंधित विभाग के पास लंबित हैं, लेकिन अभी तक इन पर फैसला नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि समय के साथ परिवारों का विस्तार हो रहा है। ऐसे में एक ही पुराने मकान में बढ़ते परिवारों के सभी सदस्यों का रहना मुश्किल होता जा रहा है। वहीं, स्थानीय दुकानदार भी नई दुकानें नहीं बना पा रहे हैं, जिससे उनके रोजगार और कारोबार के विस्तार पर असर पड़ रहा है। उन्होंने मंडलायुक्त से मांग की कि स्थानीय लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लंबित फाइलों पर जल्द निर्णय लिया जाए और मकान व दुकानें बनाने के लिए उचित अनुमति देने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।