पौनी। सोशल मीडिया पर ई-रिक्शा चालकों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए जाने के मामले में शुक्रवार को पौनी में ई-रिक्शा चालकों ने रोष प्रकट किया। चालकों ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर ऑटो को बस का बच्चा और बस को उसकी मां बताकर टिप्पणी की है, जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंची है।
ई-रिक्शा चालकों ने कहा कि वे लाखों रुपये खर्च कर अपने वाहनों के माध्यम से रोजगार चला रहे हैं और अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में उनके व्यवसाय और गरिमा को लेकर इस तरह की टिप्पणियां करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में एकत्रित हुए ई-रिक्शा चालकों ने संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो वे उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग करेंगे। इस अवसर पर ई-रिक्शा चालक इमरान खान, बलविंदर सिंह, करनजोत सिंह, अतुल, हरीश, राजा, वंश, आकाश डोगरा, परवेज सहित अन्य चालक मौजूद रहे।