पौनी। ब्लॉक पौनी में वीरवार को हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से वाहनों और फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसका सबसे अधिक असर भारख क्षेत्र में देखने को मिला, जहां खुले आसमान के नीचे खड़ी दर्जनों गाड़ियों के शीशे टूट गए और वाहनों की बॉडी पर ओलों के निशान पड़ गए।
पंचायत खैरालैड के किसान सुभाष चंद्र ने बताया कि ओलावृष्टि से उनकी सहित अन्य किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों को फसल पकने का इंतजार था, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। उन्होंने कृषि विभाग से ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
वहीं, किसान नेता ओम प्रकाश वाशी ने कहा कि ओलावृष्टि से किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कृषि विभाग से विशेष टीमें गठित कर प्रत्येक पंचायत में नुकसान का जायजा लेने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।