पौनी। भांबला क्षेत्र में पर्यटन विभाग की ओर से करीब 15 वर्ष पहले बनाई गई इमारत इन दिनों देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील होती जा रही है। अप्रैल 2010 में तत्कालीन पर्यटन मंत्री जोगिंदर सिंह जोगी ने इमारत का उद्घाटन कर इसे लोगों को समर्पित किया था। इमारत का निर्माण पर्यटन गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के उद्देश्य से किया गया था लेकिन कुछ समय बाद इसका उपयोग बंद हो गया।
वर्तमान में इमारत के आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुई हैं और छत पर भी पेड़-पौधे उग आए हैं। लंबे समय से साफ-सफाई और रखरखाव नहीं होने के कारण भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी धन खर्च कर तैयार की गई इस संपत्ति की समय पर देखरेख नहीं होने से अब इसके अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इमारत के निर्माण के बाद यहां कुछ कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे, लेकिन बाद में पर्यटन विभाग की ओर से इसकी नियमित देखभाल नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि विभाग इमारत का उपयोग नहीं कर पा रहा है तो इसे किसी अन्य विभाग या स्थानीय संस्था को सौंपा जाना चाहिए, ताकि सरकारी संपत्ति का सदुपयोग हो सके।
भांबला के पूर्व सरपंच अनिल शर्मा ने कहा कि लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई सरकारी इमारत का इस तरह बेकार पड़े रहना चिंता का विषय है। उन्होंने पर्यटन विभाग से मांग की कि समय रहते इमारत की साफ-सफाई और मरम्मत करवाकर इसे दोबारा उपयोग में लाया जाए, ताकि सरकारी धन से बनाई गई संपत्ति को नुकसान से बचाया जा सके और स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिल सके।