पौनी। आधार शिविर रनसु शिवखोड़ी में सावन माह के उपलक्ष्य में श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड की ओर से नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का रविवार को शुभारंभ किया गया। कथा के शुभारंभ से पहले धार्मिक परंपरा के अनुसार कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में भाग लेकर भगवान शिव का स्मरण किया और कथा के सफल आयोजन की मंगल कामना की।
कथावाचक सुधांशु जी महाराज ने बताया कि कलश यात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान शिव का स्मरण करते हुए कथा के लिए मंगल कामना करना और श्रद्धालुओं को भक्ति भाव के साथ कथा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपरा में कलश को मंगल, समृद्धि और पूर्णता का प्रतीक माना जाता है, जबकि कलश में भरा पवित्र जल जीवन और शुद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि पवित्र जल से कलश को स्थापित कर कथा स्थल को पवित्र करने की परंपरा निभाई गई। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया गया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की महिमा का श्रवण किया और धार्मिक वातावरण में भक्ति भाव से हिस्सा लिया।