पौनी। सावन माह के दूसरे सोमवार को ब्लॉक पौनी के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही श्रद्धालु परिवार सहित मंदिरों में पहुंचकर शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करते नजर आए। इस दौरान लोगों ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
वहीं आधार शिविर रनसु शिवखोड़ी में भी सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी भोले बाबा को जल अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। सावन के सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शिवखोड़ी के पूरे ट्रैक में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।
पंडित नेका ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना जाता है। इस दौरान शिवभक्त भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने और उनकी कृपा प्राप्त करने के लिए विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। शिवलिंग पर बेलपत्र, गंगाजल, धतूरा और पंचामृत अर्पित करना शुभ माना जाता है। उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान शिवलिंग पर सफेद चंदन चढ़ाना भी शुभ होता है। भगवान शिव को धतूरा और आक के फूल अत्यंत प्रिय माने गए हैं।