रविवार को यात्रा स्थगित के दौरान खाली पड़ा शिवखोड़ी ट्रैक
- फोटो : ransu news
रनसु। लगातार खराब मौसम के चलते शिवखोड़ी यात्रा रविवार को स्थगित रही। जिला उपायुक्त के निर्देशों के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा पर रोक लगाई गई।
श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के प्रबंधक तरसेम लाल शर्मा ने बताया कि मौसम सामान्य होने और प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। यात्रा स्थगित होने के कारण रविवार सुबह कटड़ा से बाबा शिवखोड़ी के दर्शन के लिए रवाना हुए वाहनों को पुलिस नाकों से ही वापस भेज दिया गया। वहीं, पहले से रनसु पहुंचे कई श्रद्धालु यात्रा बहाल होने की उम्मीद में आधार शिविर पर ही इंतजार करते रहे।
यात्रा बंद रहने का असर स्थानीय बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। श्रद्धालुओं की आवाजाही न होने से रनसु बाजार में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा और व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा।
श्राइन बोर्ड के अनुसार यात्रा स्थगित होने से पहले पिछले तीन दिनों में कुल 24,480 श्रद्धालुओं ने बाबा शिवखोड़ी के दर्शन किए। इनमें वीरवार को 9,641, शुक्रवार को 7,255 तथा शनिवार को 7,584 श्रद्धालु शामिल रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम सामान्य होने तक यात्रा पर आने से पहले आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।