पौनी। ब्लॉक कोठियां पंचायत के भोला सिद्ध देव स्थान महादेव मंदिर वार्ड 8 को जोड़ने वाली पुलिया एक बार फिर बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित यह पुलिया तीसरी बार ढह गई है, जिससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राजिंदर कुमार और राम लाल ने बताया कि यह मार्ग महादेव मंदिर तथा डूग्गी गांव को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष पहले पुलिया का निर्माण कराया गया था, लेकिन पहली ही बारिश में इसका एक हिस्सा बह गया था। अब हाल की बारिश के बाद पुलिया का हिस्सा तीसरी बार क्षतिग्रस्त हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिया के निर्माण में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया। इसके कारण यह बार-बार बारिश को झेल नहीं पा रही है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से लोगों को नाले के बीच से होकर जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि पुलिया का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।