पौनी। भांबला स्थित काली धार ठाकुर द्वारा बाई मंदिर में आयोजित शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। धार्मिक आयोजन के दौरान प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचकर हवन-यज्ञ में भाग ले रहे हैं और आहुतियां अर्पित कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं।
पूज्य महंत सुदर्शन दास की अध्यक्षता में आयोजित इस महायज्ञ में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक विधिवत हवन का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से यज्ञ में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं।
हवन सम्पन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए फलाहार एवं भोजन प्रसाद की व्यवस्था की जाती है। इसके उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालु आचार्य राकेश शास्त्री महाराज द्वारा सुनाई जा रही श्रीमद् देवी भागवत कथा का श्रवण करने पहुंच रहे हैं। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ एवं कथा के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया है।