भांबला। पंचायत क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से झेलनी पड़ रही लो वोल्टेज की समस्या से अब राहत मिल गई है। चार गांवों में नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इससे लोगों में खुशी की लहर है।
स्थानीय विधायक कुलदीप राज दुबे ने भागोत मोहल्ला और हरिया दा खलाड़ा में 63 केवी के दो ट्रांसफार्मरों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भांबला के पूर्व सरपंच अनिल शर्मा ने बताया कि इन दोनों गांवों में लो वोल्टेज की समस्या काफी समय से बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि गर्मियों के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते थे, जहां पंखे और फ्रिज तक सही ढंग से काम नहीं कर पाते थे। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर विधायक को अवगत कराया गया था। इसके बाद अब ट्रांसफार्मर लगने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
इसी क्रम में पंचायत लेतर के मंगाई और पात्रा मोहल्लों में भी 63 केवी के दो नए ट्रांसफार्मरों का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर पूर्व सरपंच तृप्ता शर्मा, पूर्व नायब सरपंच सुभाष चंद्र, पंडित देव दत्त, कृष्ण लाल, अनिल शर्मा, पूर्व पंच झंडू राम और द्वारका शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर लगने से अब लो वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी और लोगों को बेहतर बिजली सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक कुलदीप राज दुबे का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की अन्य समस्याओं का इसी तरह समाधान किया जाएगा।