पौनी। माड़ी नाला की ऊंची पहाड़ियों पर पिछले दो दिनों से लगी आग से वन संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय निवासी मदन लाल व बिहारी लाल ने बताया कि आग को किसी व्यक्ति ने लगाया है। अनुमान है कि इतनी ऊंची पहाड़ियों पर कुल्लाें में रहने वाले लोग ही आग लगाते हैं ताकि अपने मवेशियों के लिए घास की अच्छी पैदावार निकाल सकें।
स्थानीय लोगों ने कहा, ऐसे लोगों की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जरूरत है। रेंज ऑफिसर अनिल कुमार ने बताया कि हम खुद कर्मचारियों के साथ आग बुझाने में लगे हैं। आग जंगल की सबसे ऊंची पहाड़ियों पर लगी है। लगातार आग को बुझाने का प्रयास जारी है और पहाड़ी पर रहने वाले लोगों से पूछताछ भी की जा रही है कि कौन वो लोग हैं जिनके द्वारा ऐसा काम किया गया है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।