पौनी। पंचायत खैरालैड़ के दूरदराज गांव बिंद्रा में सरकार की हर घर नल से जल योजना फेल साबित हो रही है। गांव में अभी तक नल से जल की बूंद तक नहीं पहुंची है। ग्रामीण आज भी कई किलोमीटर दूर पैदल चलकर पानी सिर पर उठाकर लाने को मजबूर हैं। ग्रामीण सुखदेव सिंह, कुलदीप सिंह, पुष्पा देवी व विमला देवी ने बताया कि उनके गांव में पहली बार पानी के पाइप डाले गए। उम्मीद जगी कि अब अच्छे दिन आएंगे व घर पर ही पानी मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। लोगों का पूरा दिन बावली से पानी लाने में बीत जाता है। लोग छोटे बच्चों को भी पानी लाने एक-एक लीटर पानी की बोतल थमाने को मजबूर हैं। लोगों ने बताया कि दो साल पहले क्षेत्र में पाइप डाले गए लेकिन पानी नहीं पहुंचा। वे लोग विधायक कुलदीप राज दुबे से भी मिले। जल जीवन मिशन के कार्यकारी अभियंता तनवीर ने बताया कि नई योजना के तहत पानी रोलकिया से आना था लेकिन ऊंचाई ज्यादा होने के कारण योजना चल नहीं पाई। इसके लिए नई स्कीम बनाई जा रही है।