पौनी। रियासी-पौनी मार्ग के ठंडा पानी मार्ग पर डंगा ढहने से परेशानी बनी हुई है। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को सड़क हादसे की आशंका बनी रहती है।
चालक रमन शर्मा व मोहिंदर लाल ने बताया कि करीब पांच महीने पहले ठंडा पानी नेशनल हाईवे मार्ग पर करीब तीस मीटर डंगा ढह गया था। इस कारण एक तरफ से रोड क्षतिग्रस्त हो गई। विभाग की तरफ से कोई हादसा न हो उसको लेकर रोड के एक तरफ पत्थर लगा दिए गए हैं। उसके साथ ही मोड़ है और वही हिस्सा ढह गया है। इसको लेकर चालकों को विपरीत दिशा से होकर गुजरना पड़ता है। अगर आगे से पहले ही दूसरी दिशा से गाड़ी आ रही है तो दूसरी गाड़ी को निकालने के लिए एक वाहन को फिर पीछे ले जाना पड़ता है। इससे हर समय हादसे की आशंका बनी हुई है। हम सरकार से अपील करते हैं कि जल्द से जल्द इस डंगे का निर्माण कार्य किया जाए ताकि कोई जान माल का नुकसान नहीं हो। लोक निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर समरित ने बताया कि यह रोड नेशनल हाईवे के अंतर्गत आता है। इसकी डीपीआर बनाकर भेज दी गई है। हमें उम्मीद है कि अगले महीने टेंडर हो जाएगा और जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।