उधमपुर। जम्मू संभाग का प्रसिद्ध बुग्गा व्रत मंगलवार को पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। व्रत को लेकर बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। बीते दो-तीन दिनों से गन्ने की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही व्रत से जुड़ी अन्य सामग्रियों की भी जमकर खरीदारी हो रही है। फल, फूल, पूजा सामग्री, मिठाई और दीपक की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
होल सेल फल-सब्जी मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष राज माथुर के अनुसार बुग्गा व्रत के चलते गन्ने की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गई है। बीते तीन चार दिन से खास तौर पर ताजा और लंबे गन्ने की ज्यादा खरीद हो रही है। हर साल 30 से 35 टन तक गन्ना बिकता है।
वहीं सोहन लाल, कालीदास, रिंकू शर्मा, वीरेन्दर कुमार व अन्य दुकानदारों व फल विक्रेताओं का कहना है कि केला, नारियल, सेब और मौसमी फलों की बिक्री में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई है। वहीं पूजा सामग्री की दुकानों पर धूप, अगरबत्ती, दीपक, कलश, चुनरी और प्रसाद की खरीदारी जोरों पर है। एक गन्ना 20 से 50 रुपये तक का बिक रहा है।
वहीं स्थानीय पंडित शेखर शर्मा के अनुसार बुग्गा व्रत का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। यह व्रत मुख्य रूप से महिलाएं रखती हैं और पूरे दिन उपवास कर संतान की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस व्रत में गन्ना और मूली अर्पित करना शुभ माना जाता है। इसलिए इसकी खास अहमियत होती है। व्रती महिलाएं विधि-विधान से पूजा कर कथा सुनती हैं और शाम के समय आरती के बाद व्रत का पारण करती हैं।