पौनी। शिवखोड़ी धाम में नववर्ष के आगमन पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखने को मिल रही है। बीते तीन दिनों में शिवखोड़ी धाम में 20,525 श्रद्धालुओं ने भोले बाबा के दर्शन किए। श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड व जिला प्रशासन की तरफ से भी श्रद्धालुओं के लिए जगह जगह पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे ट्रैक पर साफ सुथरे पेयजल की व्यवस्था की गई है। ट्रैक पर काम करने वाले घोड़ा, पिट्ठू व पालकी का काम करने वाले लोग विपणन व शौंकू का कहना है कि पिछले साल यात्रा में काफी कमी दर्ज की गई है। इसका कारण समय को लेकर है। अगर श्रद्धालुओं को शाम के समय वापस पांच बजे के बजाय आठ बजे तक आने-जाने की अनुमति मिले तो यात्रा फिर से पहले की तरह बढ़ सकती है। घोड़ा, पिट्ठू पालकी चलाने वालों सहित अन्य लोगों का रोजगार भी बढ़ सकता है। नववर्ष के पहले दिन वीरवार को 7464, शुक्रवार को 8725 श्रद्धालुओं ने भोले बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। शनिवार देर शाम पांच बजे तक 4336 श्रद्धालुओं ने प्राकृतिक गुफा में विराजमान भोले बाबा के दर्शन कर मनोकामनाएं मांगीं ।