उधमपुर। त्योहार का सीजन खत्म होते ही कुछ व्यापारियों को साप्ताहिक बंदी को लेकर चिंता सता रही थी, लेकिन सोमवार की बंदी में उन व्यापारियों को राहत मिलेगी, क्योंकि असिस्टेंट लेबर कमिश्नर कार्यालय में इंस्पेक्टर का पद खाली पड़ा है और हाल ही में हुए तबादले के बाद किसी की तैनाती नहीं की गई है।
अगस्त में आई बारिश और बाढ़ के बाद छाई मंदी की मार झेल चुके व्यापारियों को नवरात्र के साथ शुरू हुए त्योहारी सीजन से काफी राहत मिली थी। इस दौरान व्यापार मंडल के सहयोग से साप्ताहिक बंदी के दौरान व्यापारियों को सोमवार को व्यापार करने और सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान खोलने की राहत दी गई थी। हालांकि अब त्योहारी सीजन खत्म हो चुका है और कुछ व्यापारियों को साप्ताहिक बंदी के दौरान नियमों के तहत दुकानें बंद रखने की चिंता सता रही थी। खासकर मौजूदा समय में चल रहे शुभ मुहूर्त के चलते शादी समारोह का भी जोर है और त्योहारी सीजन खत्म होने के बावजूद भी बाजारों में कुछ हद तक खरीदारों का जोर हैं, लेकिन इन व्यापारियों के लिए राहत की बात यह है कि विभाग के पास बाजार की जांच करने वाले इंस्पेक्टर का पद खाली पड़ा हुआ है और पहले मौजूद इंस्पेक्टर के तबादले के बाद किसी और की तैनाती नहीं की गई है। इसके चलते खासकर आज के दिन तो साप्ताहिक बंदी को अमल में लाना विभाग के लिए संभव नहीं है। इस बारे में व्यापार मंडल अध्यक्ष जतिंद्र बरमानी का कहना है कि सप्ताह में एक दिन की छुट्टी होती है जिसका मनचाहे वो कर सकता है जिसका मन न चाहे वो न करे। जो मुलाजिम व्यापारियों के पास काम कर रहे हैं उनका यह अधिकार है और उन्हें छुट्टी मिलनी चाहिए। विभाग की ओर से अब तक कोई भी दिशा निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।