उधमपुर। जिले के कई लिंक मार्गों पर दो माह पहले हुई भारी बारिश के चलते गिरी पस्सियों को हटाकर प्रशासन ने आवाजाही बहाल कर दी, लेकिन सड़कों के किनारे लगे मलबे के ढेरों से वाहन चालक परेशान हो रहे हैं।
बसंतगढ़, पंचैरी, चिनैनी से सुद्धमहादेव, घोरड़ी बरमीन की कई सड़कों किनारे मलबे के ढेर लगे हुए हैं। स्थानीय निवासी पूर्व सरपंच यशपाल, देसराज, भारत भूषण, रमन शर्मा सहित अन्य लोगों ने कहा कि प्रशासन से सड़कों किनारे लगे मलबे के ढेरों को उठाने के साथ ही सड़कों की मरम्मत कर स्थायी तौर पर रास्ता बनाने की मांग कर रहे हैं। दो माह बीत जाने के बाद भी जिले की तकरीबन 20 सड़कों के किनारे लगे मलबे को हटाया नहीं गया है।
इतना ही नहीं खासतौर पर पंचैरी तहसील में पड़ते कई क्षेत्रों की सड़कें आज भी मरम्मत न होने के चलते बंद हैं। इसके चलते गांववासियों को परेशानियों का सामना करने के साथ ही पैदल आना जाना पड़ रहा है। उन्होंने डीसी से जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत करवाने के साथ ही पड़े हुए मलबे को हटवाने व स्थायी तौर पर मार्ग बनाने की मांग की है, ताकि लोगों को आ रही परेशानियों से निजात मिल सके।
कोट
विभाग की ओर से फिलहाल जिले में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को अस्थायी तौर पर मरम्मत कर वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया है। वहीं दूसरी ओर विभाग की ओर से जिले में सड़कों का तकरीबन 50 करोड़ रुपये के हुए नुकसान का एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेज दिया गया है। जैसे ही मंजूरी मिलती है वैसे ही विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-अत्ता मुहम्मद शेख, एक्सईएन पीएमजीएसवाई