उधमपुर। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक मंगलवार को कार्यकारी अध्यक्ष सुमित मगोत्रा की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न इलाकों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और बैठक में विचार विमर्श करने सहित उनके समाधान को लेकर रणनीति तैयार की गई। साथ ही बेघर हुए बारिश और बाढ़ प्रभावितों के लिए सर्दी से बचाव के हो उचित प्रबंध करने की मांग की गई।
मगोत्रा ने बताया कि इस बार भारी बारिश, भूस्खलन और खराब सड़कों के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोग बैठक में शामिल नहीं हो सके। इसमें जिले के दूरदराज के क्षेत्रों जैसे पंचैरी, मौंगरी, रामनगर, मनवाल और मजालता के इलाके शामिल है। बारिश और कई जगहों पर सड़कों के टूटने की वजह से कई क्षेत्रों का संपर्क टूटा हुआ। बैठक के दौरान खराब सड़कों की स्थिति पर गंभीर चर्चा हुई। लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले राष्ट्रीय राजमार्ग थर्ड क्षेत्र में एक निजी कंपनी द्वारा ब्लैक टॉपिंग का कार्य शुरू किया गया था, जिससे लोगों को राहत मिली। उनका कहना है कि अगर इतने कम समय में वहां पर काम शुरू किया जा सकता है तो ग्रामीण इलाकों में क्यों नहीं। उन्होंने मांग की है कि अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल्द से जल्द मरम्मत और ब्लैक टापिंग का काम शुरू किया जाए, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस दौरान सुमति मगोत्रा ने यह भी बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों जैसे पंचैरी, मौंगरी और भी अन्य क्षेत्र के लोग हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। अब ठंड का मौसम शुरू हो चुका है और इन क्षेत्रों में बर्फबारी भी होने लगी है, वहां के कई लोग आज भी टेंटों में रहने को मजबूर हैं। सरकार की ओर से इन्हें घर और 5 मरला जमीन देने का वादा किया गया था, जो इतना जल्द पूरा हो पाना संभव नहीं है। इसलिए आपदा प्रभावित लोगों को अस्थायी रूप से रहने के लिए सुरक्षित स्थान दिए जाए ताकि ठंड और बर्फबारी से सुरक्षित रह सकें। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।