उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के साथ लगती पंचायत पटलाई में आयुष्मान केंद्र की इमारत का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि निर्माण के लिए एक साल से एक करोड़ 47 लाख रुपए मंजूर हो चुके हैं। मौजूदा समय में आयुष्मान केंद्र पंचायत घर के एक कमरे में चल रहा है।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच करनैल सिंह का कहना है कि विभाग की ओर से पिछले एक साल से क्षेत्र में आयुष्मान केंद्र की नई इमारत बनाने को लेकर धनराशि जारी की गई है, लेकिन अभी तक केंद्र का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कई बार विभाग के आला अधिकारियों के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी इमारत के निर्माण कार्य को शुरू करने को लेकर गुहार लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान केंद्र की इमारत न होने के चलते मौजूदा समय में केंद्र को पंचायत घर के एक कमरे में चलाया जा रहा है। इसके चलते क्षेत्र वासियों को स्वास्थ्य सुविधा जिस तरह से मिलनी चाहिए उस तरह की नहीं मिल पा रही है। इसके चलते क्षेत्रवासी इलाज के लिए जीएमसी उधमपुर जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र की इमारत बनाने को लेकर पैसा भी आ चुका है तो फिर निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही का खमियाजा क्षेत्र वासियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जब भी वह इमारत के निर्माण को लेकर स्वास्थ्य विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात करते हैं तो उनका एक ही जवाब होता है की बस जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।