उधमपुर। शहर के साथ लगते बट्टल पंचायत के मडगाली गांव में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से गांव की ओर जाने वाला सड़क बह जाने से ग्रामीणों व स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने डीसी से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की गुहार लगाई है।
बता दें कि हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों, लोगों की जमीनों व घरों को काफी नुकसान पहुंचा था। मडगाली गांव का रास्ता पूरी तरह से बह गया था। हालांकि एक माह बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं करवाया गया है। इस वजह से आवागमन में ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र में बीमार होने पर व्यक्ति को चारपाई पर डालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है।
गांव के इरशाद अली, आफिया, जेबा अख्तर सहित अन्य का कहना था कि क्षेत्र में सड़क न होने के कारण आने-जाने में दिक्कत आ रही है। जहां पर कभी सड़क होती थी आज वहां पर नाला बन गया है। बड़े-बड़े पत्थर मार्ग के बीच में आ जाने से उस पर चलना दूभर हो गया है। एक माह बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से क्षेत्र में सड़क की मरम्मत को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने बताया कि सड़क की दयनीय दशा के कारण खासतौर पर रात के समय आने जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इतना नहीं रोजाना स्कूल जाने वाले कई बच्चे मार्ग के बीच गिरकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने डीसी से जल्द से जल्द क्षेत्र में सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है।