उधमपुर। ब्लॉक मजालता में शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों के पढ़ने के लिए प्राइमरी स्कूल चंडी का निर्माण करवाया गया था, ताकि क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े। मौजूदा समय में स्कूल की इमारत इस कदर खस्ताहाल हो गई है उसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। इसके चलते मौजूदा समय में स्कूल क्षेत्र में किराये के कमरे में चल रहा है। हालांकि कई बार स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक विभाग से स्कूल की नई इमारत बनाने की मांग कर चुके है, लेकिन आज तक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच सुनीता देवी का कहना है कि स्कूल की इमारत गिरने के कगार पर है। इसके चलते मौजूदा समय में क्षेत्र में एक कमरा किराये पर लेकर स्कूल को चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार स्कूल की नई इमारत बनाने के लिए विभाग के आला अधिकारियों से मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक स्कूल की इमारत नहीं बन पाई है। हालांकि स्कूल की नई इमारत बनाने के लिए क्षेत्र में होने वाली प्रशासनिक बैठकों में भी इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया गया था। उन्होंने एक बार फिर से विभाग से जल्द से जल्द स्कूल की नई इमारत बनाने की मांग की है। ताकि स्कूल को अपनी इमारत मिल सके और बच्चों को आ रही परेशानी से निजात मिल सके।
कोट
विभाग की ओर से प्रयास किए जाएंगे कि जल्द से जल्द स्कूल की नई इमारत बनाई जा सके, ताकि बच्चों को आ रही परेशानी से निजात मिल सके।
-कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीईओ