उधमपुर। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद शहर में दुकानदारों का व्यापार भी काफी प्रभावित हुआ है। इसके चलते व्यापारी वर्ग काफी परेशान है। लोगों के जहन में यही बात है कि कब क्या हो जाए।
इसके चलते लोग शहर में सामान की खरीदारी करने के लिए कम ही पहुंच रहे हैं। इस संदर्भ में व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र वरमानी का कहना है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही व्यापारी वर्ग काफी परेशान है। हालांकि हमले को नौ दिन बीत जाने के बाद भी दुकानदारों का व्यापार सामान्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समय लोग सहमे हुए है और यही सोच रहे है कि कब क्या हो जाएं इसी को लेकर खासतौर पर जिले के दूरदराज क्षेत्रों से कम संख्या में लोग शहर में आ रहे हैं। इसके चलते कई दुकानदारों की तो बोनी तक नहीं हो रही है। पहले जैसी शहर में चहल पहल भी नहीं दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले से उन्हें काफी दुख हुआ है और इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि आतंकियों की कायराना हरकत से कई बेगुनाह लोगों की जान चली गई। हम सरकार से यही मांग करते हैं कि पहलगाम के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।